पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने मुख्यमंत्री योगी को भेंट किया भव्य पोर्ट्रेट

मुख्यमंत्री ने स्वीकारा वृंदावन की कृष्ण कन्हाई आर्ट गैलरी आने का निमंत्रण

मथुरा । पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात चित्रकार कृष्ण कन्हाई ने गुरुवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी विशिष्ट कलात्मक शैली में तैयार किया गया 4×6 फीट का भव्य पोर्ट्रेट और लगभग 250 पृष्ठों की अपनी कॉफी टेबल बुक सादर भेंट की। इस मुलाकात में ब्रज की समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक स्वर्ण चित्रकला की विरासत को प्रोत्साहित करने के विषय पर भी चर्चा हुई। चित्रकार कृष्ण कन्हाई द्वारा तैयार किए गए विशाल पोर्ट्रेट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के व्यक्तित्व, चेहरे के ओज और भावों को बारीकी से उकेरा गया है। चित्र की कलात्मकता और जीवंत प्रस्तुति ने मुख्यमंत्री को प्रभावित किया। इस अवसर पर उन्होंने चित्रकार के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।

भेंट के दौरान पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मथुरा-वृंदावन की आगामी यात्रा के दौरान नंदनवन स्थित कृष्ण कन्हाई आर्ट गैलरी आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को गैलरी में प्रदर्शित भारतीय संस्कृति, श्रीराधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं पर आधारित कलाकृतियों और भारत की प्राचीन पारंपरिक स्वर्ण चित्रकला से रूबरू होने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृष्ण कन्हाई के आमंत्रण को स्वीकार किया। इस मुलाकात को ब्रज की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पारंपरिक स्वर्ण चित्रकला के माध्यम से भारतीय संस्कृति और श्रीराधा-कृष्ण की लीलाओं को कलात्मक रूप में प्रस्तुत करने वाले कृष्ण कन्हाई का यह प्रयास ब्रज की कला परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इस अवसर पर पद्मश्री कृष्ण कन्हाई के सुपुत्र एवं युवा चित्रकार अर्जुन कन्हाई भी उपस्थित रहे।