मथुरा के गृहस्थ संत सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जयंती पर मथुरा-वृंदावन में होंगे भव्य आयोजन
20 अक्टूबर को 551 साधु-संतों की होगी महाप्रसादी; गोवर्धन, बरसाना व श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर विशेष पोशाक एवं फूल बंगला दर्शन
वृंदावन में सजाया जाएगा भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों पर आधारित ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन
मथुरा (विशेष संवाददाता)।
स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप के संस्थापक स्व. सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती (हीरक जयंती) के उपलक्ष्य में ब्रजभूमि में धार्मिक आस्था, संत सेवा, सामाजिक सरोकार और भारतीय संस्कृति को समर्पित विभिन्न भव्य आयोजनों की श्रृंखला शुरू हो रही है। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य उनके प्रेरणादायी जीवन, धार्मिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्वों और मानव सेवा के संकल्पों को स्मरण करना तथा आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
इस संबंध में सोमवार को होटल विंग्सटन में एक भव्य प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया जिसमें एम.आर. समूह के चेयरमैन सुनील कुमार अग्रवाल ने आयोजनों की विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को प्रातः काल परिक्रमा गार्डन में ब्रज क्षेत्र के 551 साधु-संतों के लिए भव्य प्रसादी एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें ब्रज के विभिन्न संप्रदायों के प्रमुख संतों एवं ब्रजवासियों की गरिमामयी सहभागिता रहेगी। संत सेवा और अन्नदान के माध्यम से स्व. अग्रवाल के धार्मिक संस्कारों को नमन किया जाएगा।
संध्या काल में वृंदावन में सौ शैय्या अस्पताल के समीप हरिदास प्रेक्षागृह में प्रसिद्ध नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन किया जाएगा। भगवान श्रीराम के आदर्शों और स्व. सुरेश चंद्र अग्रवाल के सिद्धातों के बीच भावनात्मक व वैचारिक जुड़ाव को दर्शाती यह प्रस्तुति स्व. अग्रवाल को एक भावपूर्ण संगीतमय व सांस्कृतिक श्रद्धांजलि होगी।
20 अक्टूबर को ही गोवर्धन स्थित श्री गिरिराज महाराज मंदिर, बरसाना स्थित श्री राधारानी मंदिर तथा मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भगवान के श्रीविग्रहों के लिए विशेष पोशाक धारण कराई जाएगी तथा भव्य व अलौकिक फूल बंगला दर्शन का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनकल्याण की भावना को प्राथमिकता देते हुए आयोजनों की शुरुआत 18 अक्टूबर को गोवर्धन स्थित ग्रीन वैली में आयोजित एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से की गई। शिविर में सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
प्रेस वार्ता के दौरान समूह के चेयरमैन सुनील कुमार अग्रवाल ने भावुक होते हुए बताया कि उनके पिता स्व. सुरेश चंद्र अग्रवाल एक दूरदर्शी उद्यमी, कर्मठ और सिद्धांतों के पक्के इंसान थे। उन्होंने सीमित संसाधनों के साथ अपनी व्यावसायिक यात्रा शुरू की और अपनी अथक मेहनत, ईमानदारी व दृढ़ विश्वास के बल पर स्वीटी समूह को उद्योग जगत में एक विशिष्ट पहचान दिलाई। व्यापार के साथ-साथ पारिवारिक संस्कार, धार्मिक आस्था और मानवीय मूल्यों के प्रति उनका समर्पण हमेशा अनुकरणीय रहा। वर्तमान में उनके इन आदर्शों, सेवा-परंपरा और विरासत को पौत्र एवं मैनेजिंग डायरेक्टर लव कुमार बंसल आगे बढ़ा रहे हैं।
हीरक जयंती समारोह को ऐतिहासिक और स्मरणीय बनाने में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष एवं परिवार के वरिष्ठ सदस्य कन्हैयालाल अग्रवाल का विशेष सहयोग व मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।
उल्लेखनीय है कि स्वीटी बाय एम.आर. ग्रुप की पूरी टीम पिछले लगभग तीन महीनों से हीरक जयंती की तैयारियों में जुटी हुई है।