ठा. द्वारकाधीश के दरबार में पहुंचे राष्ट्रीय संत मोरारी बापू, विधि-विधान से किए दर्शन

मथुरा। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रसिद्ध ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में शनिवार प्रातः 8:40 बजे ग्वाल दर्शन के दौरान प्रसिद्ध कथावाचक एवं राष्ट्रीय संत मोरारी बापू ने विधि-विधान के साथ ठाकुर जी के दर्शन किए। उनका यह धार्मिक भ्रमण पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत हुआ। दर्शन के दौरान उन्होंने ठाकुर जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एड. ने बताया कि मंदिर के गोस्वामी एवं तृतीय पीठाधीश्वर डॉ. वागिश कुमार महाराज के निर्देशानुसार तथा कांकरोली नरेश की आज्ञा के पालन में दर्शन के उपरांत मंदिर कार्यालय में संत मोरारी बापू का स्वागत किया गया। मंदिर के सहायक अधिकारी एस.एन. शर्मा ने उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्हें मंदिर की धार्मिक परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से भी अवगत कराया गया।

इस अवसर पर संत मोरारी बापू ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूर्व में भी ठाकुर जी के दर्शन करने आ चुके हैं। आज पुनः ठाकुर जी के दर्शन प्राप्त होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने दर्शन को लेकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान मंदिर के अधिकारी एवं कर्मचारी अजय भट्ट, अनंत पाठक, प्रकाश सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।