नवरात्र में मिशन शक्ति का शंखनाद , महिला सुरक्षा के लिए मथुरा में निकला शक्ति मार्च
एएसपी आलोक राज नारायण और सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी के नेतृत्व में पुलिस लाइन से निकली जागरूकता रैली, महिलाओं-बालिकाओं को बताए सुरक्षा के अधिकार
मथुरा । शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए मथुरा पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत शक्ति मार्च निकाला। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आलोक राज नारायण और सहायक पुलिस अधीक्षक आशना चौधरी के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन से निकले इस मार्च के माध्यम से महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में सहभागिता मजबूत करने का संदेश दिया गया।
11 अक्टूबर से शुरू हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपदभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजित शक्ति मार्च में महिला पुलिसकर्मियों, पुलिस मॉडर्न स्कूल की छात्राओं और अन्य महिलाओं ने भागीदारी की। मार्च के जरिए महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, आत्मनिर्भर बनने और किसी भी परिस्थिति में अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित मिशन शक्ति टीमें महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा कानूनी अधिकारों की जानकारी दे रही हैं। पुलिस की ओर से बताया जा रहा है कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा अथवा किसी अन्य अपराध का सामना करने पर पीड़िताएं भय या संकोच के कारण चुप न रहें, बल्कि तत्काल पुलिस से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें। अभियान का उद्देश्य महिला अपराधों की रोकथाम के साथ ही महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा से संबंधित प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके साथ ही महिला हेल्प डेस्क एवं पुलिस की अन्य सहायता व्यवस्थाओं के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। मथुरा पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और महिला सुरक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी बढ़ाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।