दिल्ली में प्रदर्शन से पहले सख्ती , 57 मेट्रो स्टेशन बंद; कई ट्रेनों पर भी असर, इंटरनेट बंद रखने का आदेश
दिल्ली । राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विपक्ष और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिवहन और संचार सेवाओं पर कई प्रतिबंध लगाए हैं। नई दिल्ली के जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के आसपास चार किलोमीटर के दायरे में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद किए गए हैं। नमो भारत के दो स्टेशन भी अस्थायी रूप से बंद रहेंगे, जबकि रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द करने तथा कुछ के समय में बदलाव की व्यवस्था की है।
9 अक्टूबर रात 10 बजे से 10 अक्टूबर रात 10 बजे तक इंटरनेट बंद
गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद नई दिल्ली के जनपथ-कर्तव्य पथ चौराहे के आसपास चार किलोमीटर के क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 10 बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्र में इंटरनेट आधारित सेवाएं प्रभावित रहेंगी। प्रशासन की ओर से यह कदम प्रदर्शन के दौरान संभावित परिस्थितियों को देखते हुए उठाया गया है।
यलो लाइन के 20 स्टेशन बंद, यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 57 स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद किए हैं। इनमें सबसे अधिक 20 स्टेशन यलो लाइन के हैं। रेड लाइन पर 10, ब्लू लाइन पर आठ, बैंगनी लाइन पर सात और पिंक लाइन पर सात स्टेशन बंद किए गए हैं। इसके अलावा मजेंटा लाइन के चार तथा ऑरेंज लाइन के एक स्टेशन पर भी प्रतिबंध लागू किया गया है।
इन पाबंदियों के कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ सकता है। दिल्ली में आवागमन करने वाले लोगों को यात्रा शुरू करने से पहले मेट्रो सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन भी बंद
नमो भारत ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन 9 अक्टूबर की रात नौ बजे से 10 अक्टूबर की रात 10 बजे तक बंद रहेंगे। इस अवधि में दोनों स्टेशनों पर यात्रियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और यहां नमो भारत ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी।
**नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली कई ट्रेनें रद्द**
प्रदर्शन के दौरान संभावित यातायात बाधाओं को देखते हुए रेलवे ने भी कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को रद्द किया है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास 10 अक्टूबर की सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक भारी यातायात दबाव की आशंका जताई गई है। इसके मद्देनजर निर्धारित समयावधि में संबंधित स्टेशनों पर पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में बिहार की ओर से आने वाली 20801 मगध एक्सप्रेस, 12309 राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस, 12393 संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और 22361 राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस तथा 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी प्रभावित हैं।
उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाली 12033 कानपुर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, 12417 प्रयागराज एक्सप्रेस, 12275 हमसफर एक्सप्रेस, 12451 श्रमशक्ति एक्सप्रेस, 12447 उत्तर प्रदेश संपर्क क्रांति, 14211 आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी तथा 12559 और 12581 बनारस-नई दिल्ली ट्रेनें भी रद्द की गई सेवाओं में शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 15303 कासगंज-नई दिल्ली और 82501 लखनऊ-नई दिल्ली सेवा भी प्रभावित रहेगी।
**मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब की रेल सेवाओं पर भी असर**
रेलवे की इस व्यवस्था का असर मध्य प्रदेश और पश्चिम भारत से दिल्ली आने वाली ट्रेनों पर भी पड़ेगा। इनमें 20155 डॉ. आंबेडकर नगर-नई दिल्ली, 09309 इंदौर-हजरत निजामुद्दीन, 12415 इंदौर-नई दिल्ली, 12247 बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन और 12957 साबरमती-नई दिल्ली ट्रेनें