मथुरा में आरओ प्लांट सहित 15 जगह बिजली चोरी उजागर, केबल जब्त

मथुरा । हाई लाइन लॉस फीडर क्षेत्रों में बिजली चोरी रोकने और बकाया वसूली को लेकर विद्युत विभाग द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विजिलेंस टीम ने लक्ष्मीनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरओ प्लांट सहित कुल 15 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी है।
विद्युत प्रवर्तन दल के प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह के निर्देशन में जेई सुशील कुमार और उप निरीक्षक धीरेन्द्र पाल सिंह की टीम ने यमुना पार लक्ष्मीनगर सब-डिवीजन क्षेत्र के गांव तैय्यापुर, भैंसारा, किनारई और पानी गांव क्षेत्रों में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान एक आरओ प्लांट और 14 घरेलू कनेक्शनों पर बिजली चोरी के मामले सामने आए। टीम ने मौके से अवैध रूप से बिछाई गई अतिरिक्त केबल भी जब्त कर ली। सभी मामलों में विद्युत थाने में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही देहात क्षेत्रों में भी अलग-अलग टीमों द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कई स्थानों पर अनियमितताएं पकड़ी गईं। मथुरा जोन के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग को पूरे अभियान की प्रगति से अवगत कराया गया है। उन्होंने हाई लाइन लॉस फीडर क्षेत्रों में सघन चेकिंग और बकाया वसूली अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं।