Mathura News: मेले से लापता बालक की निर्मम हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
कुकर्म में असफल होने पर की हत्या
मथुरा । थाना बरसाना क्षेत्र में मेले से लापता हुए नाबालिग की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए वांछित बाल अपचारी को अभिरक्षा में ले लिया है। आरोपी ने मासूम को मंदिर के पीछे ले जाकर हत्या कर दी और शव झाड़ियों में छिपा दिया था।
घटना 23 सितंबर की है, जब वादी का नाबालिग पुत्र मेले से अचानक लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर 24 सितंबर को थाना बरसाना में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की गई, लेकिन 26 सितंबर को एक दिल दहला देने वाली जानकारी सामने आई।
ग्राम आजनौख के बाहर मंदिर के पीछे पोखर के पास झाड़ियों में एक बालक का धड़ पड़ा मिला, जिसके पैर गायब थे। पास ही उसके कपड़े भी पड़े हुए थे। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान अपने लापता बेटे के रूप में की। इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद मुकदमे में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराएं बढ़ा दी गईं और जांच प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने अपने हाथ में ली।
विवेचना में सामने आया कि आरोपी बाल अपचारी ने मासूम को शौच का बहाना बनाकर मंदिर के पीछे ले गया और उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। विरोध और शिकायत की बात कहने पर आरोपी ने पास पड़ी ईंट से सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 27 सितंबर को महमदपुर चौराहे से डींग बाईपास की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी बाल अपचारी को अभिरक्षा में ले लिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्यायालय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
इस जघन्य घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।