महिला बैंक कर्मी को प्रताड़ित करने वाला सपा नेता अलीगढ़ से गिरफ्तार
स्वाट व कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
मथुरा । महिला बैंक कर्मी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता सैयद राजन अहमद रिजवी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अलीगढ़ जनपद के थाना क्वारसी क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतवाली में मुकदमा संख्या 636/26 के तहत बीएनएस की धाराओं व आईटी एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच तेज की और आरोपी की तलाश में टीमें गठित की गईं।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त दबिश देकर आरोपी राजन रिजवी को ग्राम धर्रामाफी, थाना क्वारसी (अलीगढ़) स्थित उसकी रिश्तेदारी के यहां से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से अंबेडकर सौख रोड थाना कोतवाली क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में सदर बाजार क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने महिला बैंक कर्मी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और आईटी माध्यमों का भी दुरुपयोग किया। इसी आधार पर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस के साथ स्वाट टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों को लेकर सख्त रुख अपनाया जा रहा है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। ज्ञात रहे कि सपा नेता राजन रिजवी को समाजवादी पार्टी ने निष्कासित कर दिया है और जिस संस्था में वह कार्य करते थे वहां से भी उनको आवास खाली करने का नोटिस दिया गया है।