Mathura : गोकुल बैराज के पास वर्दी में दरोगा का खून से सना शव मिलने से हड़कंप

मथुरा । गोकुल बैराज के पास गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब वर्दी पहने एक दरोगा का खून से सना शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंच गए। मृतक दरोगा की पहचान ट्रैफिक सब-इंस्पेक्टर (TSI) पंकज कुमार के रूप में हुई है। उनके माथे पर गोली लगने का निशान मिला है, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। एसपी ट्रैफिक राजेश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि पंकज कुमार की ड्यूटी गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस कार्यालय में लगाई गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजहों की जांच में जुटी है। इस घटना से पुलिस विभाग में भी सनसनी फैल गई है।