जन्माष्टमी पर भव्य रोशनी से जगमगाएगी कान्हा की नगरी: आधी रात सड़कों पर उतरे नगर आयुक्त, दिए सख्त निर्देश

​मथुरा । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व पर मथुरा-वृंदावन आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। शहर को भव्य, आकर्षक और जगमग बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त ओजस्वी राज खुद देर रात सड़कों पर उतरे। उन्होंने अपर नगर आयुक्त एवं विद्युत विभाग के अफसरों संग मथुरा और वृंदावन के प्रमुख मार्गों पर रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था व सौंदर्यीकरण कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया।
​टाउनशिप रोड, मछली फाटक, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मार्ग, मसानी चौराहा, प्रेम मंदिर, इस्कॉन मंदिर, रमणरेती से लेकर बांके बिहारी क्षेत्र तक संपूर्ण मार्ग का बारीकी से जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्पष्ट हिदायत दी कि जन्माष्टमी से पूर्व सभी व्यवस्थाएँ हर हाल में पूर्ण हों, ताकि श्रद्धालु एक दिव्य और यादग़ार अनुभव लेकर लौटें।

​निरीक्षण के दौरान कहा नगर आयुक्त ने कड़े निर्देश दिए किे
मछली फाटक फ्लाईओवर पर बंद पाई गई तिरंगा लाइटों व मोर आकृति की लाइटों को तत्काल किया जाये।
​वृंदावन में रमणरेती पुलिस चौकी से बांके बिहारी जी क्षेत्र तक पेड़ों पर आकर्षक RGB लाइटिंग और पेंटिंग्स पर ‘वार्म व्हाइट’ लाइटें लगाने के निर्देश दिए।

​भूतेश्वर क्षेत्र व 100 फुटा फ्लाईओवर पर तिरंगा लाइटिंग और दीवारों पर फेसाड/सजावटी लाइटिंग का काम जल्द पूरा कराने की हिदायत दी। इसके अलावा वृंदावन में पागल बाबा तिराहे से पवन हंस हेलीपैड तक श्रद्धालुओं के आवगमन को देखते हुए अस्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

​नगर आयुक्त ने अवर अभियंता (विद्युत) को निर्देश दिया कि संपूर्ण मार्गों की लाइटिंग का सूक्ष्मता से परीक्षण कर हर कमी को तुरंत दूर किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, अवर अभियंता शैलेश सिंह समेत नगर निगम की पूरी टीम मौजूद रही।