जन्माष्टमी पर कान्हा की नगरी को सीएम योगी का बड़ा तोहफा: वृंदावन के लिए सृजित हुए अलग ACM और CO के पद
मथुरा मुख्यालय के नहीं काटने पड़ेंगे चक्कर, स्थानीय समस्याओं का वृंदावन में ही होगा त्वरित निस्तारण
मथुरा/वृंदावन। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावनवासियों को बड़ी प्रशासनिक सौगात दी है। क्षेत्र के सुनियोजित विकास और सुदृढ़ कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान केंद्रित करते हुए मुख्यमंत्री ने वृंदावन के लिए पृथक डिप्टी कलेक्टर (अपर नगर मजिस्ट्रेट) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) के पद सृजित करने के आदेश दिए हैं।
पृथक एसीएम (ACM) नई व्यवस्था के अनुसार अपर नगर मजिस्ट्रेट केवल वृंदावन क्षेत्र के प्रशासनिक और नागरिक मामलों की देखरेख करेंगे। अब तक यह जिम्मेदारी मथुरा नगर मजिस्ट्रेट के पास थी।
इसी प्रकार सीओ वृंदावन’ का नया पद सृजित किया गया है, जो विशेष रूप से केवल वृंदावन क्षेत्र के कानून-व्यवस्था प्रभारी रहेंगे। इससे पहले यह क्षेत्र सीओ सदर के अधिकार क्षेत्र में आता था।
योगी सरकार के इस फैसले से वृंदावन के नागरिकों और श्रद्धालुओं को छोटे-छोटे प्रशासनिक या पुलिस संबंधी कार्यों के लिए मथुरा जिला मुख्यालय पर जाकर नहीं भटकना पड़ेगा। अब सभी शिकायतों व समस्याओं का निदान वृंदावन में ही संभव होगा।
शनिवार शाम राज्य स्तरीय अधिकारियों के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्यमंत्री ने मथुरा जनपद पर विशेष फोकस रखते हुए यह दिशा-निर्देश जारी किए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इन नए पदों पर जल्द ही अधिकारियों की तैनाती कर दी जाएगी, जो वृंदावन के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी।