वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन स्थित सुप्रसिद्ध श्री राधावल्लभ मंदिर में सावन मास के पावन अवसर पर पारंपरिक झूला महोत्सव श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। ठाकुर श्री राधावल्लभ जी के दिव्य और मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए प्रतिदिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है।
मंदिर के युवराज शोभित गोस्वामी ने बताया कि महोत्सव के दौरान हर दिन विधि-विधानपूर्वक विशेष पूजा-अर्चना के बाद ठाकुरजी को मनमोहक झूले पर विराजमान कराया जा रहा है। प्रतिदिन प्रभु का एक नया और अलौकिक श्रृंगार किया जाता है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।
उत्सव को भव्य बनाने के लिए पूरे मंदिर परिसर को सुंदर ताजे फूलों, हरी पत्तियों और विशेष सजावटी सामग्री से सुसज्जित किया गया है। विशेषकर शाम के समय मंदिर में ब्रज के पारंपरिक झूला गीतों और सुमधुर भजन-कीर्तन की गूंज से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठता है। युवराज गोस्वामी के अनुसार, भक्ति और आनंद से परिपूर्ण यह भव्य झूला उत्सव 28 अगस्त तक अनवरत चलेगा।