विधायक लगा रहे है कृष्णानगर क्षेत्र के सौंर्दीयकरण को पलीता, विप्रा इंजीनियरों को अपने आवास पर बनाया कई घंटे बंधक

मथुरा। योगी सरकार समूचे प्रदेश में जहां एक तरफ विकास और सौंर्दीयकरण की बात करती है तो वहीं दूसरी ओर उसके विधायक ही उसमें पलीता लगाने से बाज नही आ रहे। कमिश्नर आगरा मंडल अमित गुप्ता ने महानगर के भूतेश्वर तिराहे से कृष्णानगर गोवर्धन चौराहे तक के क्षेत्र को ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में लिया हुआ है। जिसके चलते जिलाधिकारी पुलकित खरे, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप और नगर आयुक्त अनुनय झा अपने विभागीय अधिकारियों के साथ प्रतिदिन क्षेत्र में भ्रमण कर समूचे क्षेत्र की कायापलट करने में लगे हुए है। कृष्णानगर क्षेत्र इस समय महानगर का स्पेशल क्षेत्र लगने लगा है। चौडी सड़क, साफ नाली, बिना केबिल युक्त सड़क सभी प्रतिष्ठान दुकानों के एक से बौर्ड आमजन को प्रभावित करने लगे है। हालांकि क्षेत्र में कुछ स्थान नासूर बने हुए है उनमें एक अतिक्रमण है बल्देव के विधायक पूरन प्रकाश का। जिन्होंने अपने आवास के आगे काफी अतिक्रमण कर रखा है।
सूत्रों के अनुसार शनिवार को विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता दिनेश गुप्ता, अशोक चौधरी, मनीष तिवारी आदि विधायक के आवास पर पहुचे, उन्होंने आग्रह किया कि अपने आवास-दुकान पर लगे बोर्ड बदलवा लीजिए और अतिक्रमण हटा लीजिए, बस इतना सुनते ही विधायक जी का पारा हाई हो गया। उन्होंने सभी को दुत्कारते हुए घर के अन्दर बने अपने कैंप ऑफिस में बंधक बना लिया। इंजीनियरों के बंधक बनाने की सूचना मिलते ही प्रशासन के अधिकारियों के होश फाख्ता हो गये। मान-मनौब्बल के उपरांत बमुश्किल से इंजीनियरों को मुक्त कराया गया। इस घटनाक्रम पर सर्वत्र चर्चा है कि व्यापारियों के साथ जिला प्रशासन सभी प्रकार के हथकण्डे आजमा रहा है कभी नगर निगम की तो कभी प्राधिकरण की टीम तोड़-फोड कर देती है परन्तु विधायक की अवैध गतिविधि पर कोई अंकुश नही लगाया जा रहा। इससे प्रतीत होता है विधायक के आगे प्रशासन कितना बौना बना हुआ है।