मथुरा-वृंदावन में जल भराव और अतिक्रमण की समस्या के समाधान के लिए बनेगी विस्तृत कार्य योजना : शशांक चौधरी
मथुरा । मथुरा वृंदावन नगर निगम के नए नगर आयुक्त ने बुधवार को निगम के सभी अधिकारियों और सभी विभाग के प्रभारियो के साथ आयोजित बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए की आम नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने में कोई कोताही नहीं बरती जाए। बाहर से आने वाले तीर्थ यात्रियों के साथ साथ स्थानीय नागरिको की असुविधा का निगम द्वारा पूरा ख्याल रखने का प्रयास किया जायेगा। बैठक में उन्होंने निगम के सभी क्रियाकलापों के बारे में जानकारी ली।
पत्रकारों को नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने बताया कि मथुरा वृंदावन क्षेत्र में करीब ढाई लाख आवासीय और व्यवसायिक संपत्तिया है उन सभी को टैक्स के दायरे में लाया जाएगा जिससे निगम की आमदनी बढ़े ताकि शहर में बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बताया कि मुख्य बाजार और प्रमुख सड़कों पर शीघ्र ही प्रभावी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा जिससे कि जाम की समस्या से निजात पाया जा सके। इसके अलावा वो डार्क क्षेत्र चिन्हित किए जाएंगे जहां प्रकाश व्यवस्था का अभाव हो उस जगह सेमी मास्क या हाई मास्क लाइट सोडियम लगाई जायेगी। मथुरा वृंदावन में चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों के स्टॉपेज पर स्टेशन का नाम और इलेक्ट्रिक डिस्प्ले बोर्ड भी लगाने की तैयारी की जा रही है जिससे पता चल सके की बस कितनी देर में आने वाली है इससे सबसे ज्यादा सुविधा तीर्थ यात्रियों को होगी।
उन्होंने बताया स्वच्छ मथुरा ग्रीन मथुरा की थीम पर वृक्षारोपण के कार्य को बढ़ाया जाएगा सड़कों के दोनों साइड और डिवाईड़र पर ग्रीनरी मौजूद रहे उसके लिए क्षेत्रीय व्यापारियों या समाजसेवी संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। जल भराव वाले मुख्य स्थानो के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई जा रही है। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण या स्मार्ट सिटी योजना के तहत धनराशि लेकर यहां कार्य कराए जाएंगे जिससे कि जल भराव न हो सके। नगर आयुक्त ने बताया कि गंगाजल की सप्लाई कुछ क्षेत्रों में हो रही है उसका दायरा बढ़ाने के लिए भी बातचीत की जा रही है और जिन-जिन कॉलोनी में पेयजल सप्लाई की दिक्कत है वहां जल्दी ही बोर्ड की अनुमति से ट्यूबवेल की स्थापना कराई जाएगी।
नगर आयुक्त ने बैठक में निगम समस्त पटल प्रभारी से उनके कार्य प्रभार के संबंध में जानकारी ली । इसके उपरांत उन्होंने प्रभारियों को सौंपे गए कार्यों का गंभीरता पूर्वक निस्पादन एवम कार्यों में शिथिलता न बरते जाने के निर्देश दिए साथ ही नगर निगम मथुरा वृंदावन में समस्त भवनों एवं संपत्तियों पर करा रोपड की कार्यवाही पूर्ण कर शत प्रतिशत वसूली सुनिश्चित की किए जाने हेतु संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया ।
बैठक में अपर नगर आयुक्त क्रांतिशेखर अनिल कुमार उपनगर आयुक्त मयंक यादव सहायक नगर आयुक्त डी के सिंह मुख्य अभियंता ए के सिंह महाप्रबंधक जल विजय कुमार मौर्य लेखा अधिकारी राजेश कुमार गौतम मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम आदि आधिकारीगण उपस्थित रहे।